युद्ध के संकट में फंसे ईरान से भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी के लिए चलाया जा रहा आपरेशन सिंधु लगातार जारी है। सोमवार रात को महान एयर का एक विशेष विमान 290 यात्रियों के साथ इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। भारत अब तक ईरान से 2003 भारतीयों को वापस ला चुका है। दिल्ली पहुंचे यात्रियों में एक श्रीलंकाई महिला फातिमा ईमान भी शामिल हैं। भारत सरकार को धन्यवाद करते हुए फातिमा ने बताया कि वह जिस विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही हैं, वहां कई भारतीय विद्यार्थी भी हैं।
भारत ने बुधवार से ईरानी शहर मशहद, अर्मेनिया की राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों से अपने नागरिकों को निकाला है। ईरान ने मशहद से तीन चार्टर्ड उड़ानों की सुविधा के लिए शुक्रवार को हवाई क्षेत्र प्रतिबंध हटा दिए।
पहली उड़ान शुक्रवार देर रात 290 भारतीयों के साथ नई दिल्ली में उतरी, और दूसरी शनिवार दोपहर 310 भारतीयों के साथ उतरी। गुरुवार को येरेवन से एक और उड़ान आई। अश्गाबात से एक विशेष निकासी विमान शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचा।