मध्यप्रदेश के धार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और ‘8वां राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान की शुरुआत करने से पहले अलग अंदाज में नजर आए। पीएम मोदी आज 75 साल के हो गए हैं। वे खुली गाड़ी में सभा स्थल पहुंचे। यहां उनका इंतजार हजारों लोग कर रहे थे। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और गाड़ी पर उनके साथ प्रदेश के सीएम मोहन यादव भी नजर आए। वहां मौजूद लोगों ने फूल से उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया और ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ सहित कई अन्य पहल की शुरुआत की। इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के धार में आकर खुशी हुई। यहां महिलाओं पर केंद्रित पहल की शुरुआत कर रहा हूं, जो जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण को मजबूत करेंगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सब देखते हैं कि मां ठीक रहती है तो सब ठीक रहता है। मां अगर बीमार होती है तो सारी व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार मांओं-बहनों को समर्पित है। एक भी महिला जानकारी या संसाधनों के अभाव में गंभीर बीमारी का शिकार न हो। ऐसी कई बीमारियां होती हैं जो चुपचाप आती हैं और धीरे-धीरे बड़ी बन जाती हैं।
पीएम ने कहा कि भारत मां की आन-बान-शान से बड़ा कुछ नहीं। हमारा हर पल देश के लिए समर्पित हो। देश की मर-मिटने की सौगंध लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने सबकुछ देश के लिए समर्पित कर दिया था। वे चाहते थे कि देश गुलामी की जंजीरों को तोड़कर आगे बढ़े। आज इसी प्रेरणा से भारत के 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। विकसित भारत की इस यात्रा 4 स्तंभ है। नारी शक्ति, गरीब, युवा और किसान।