पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू पर जानलेवा हमला हो गया। टीएमसी पर हमले का आरोप लग रहा है। उत्तरी बंगाल में मालदा के नागराकाटा में खगेन मुर्मू के काफिले पर पत्थर चप्पल जूते और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में सांसद खगेन मुर्मू घायल हो गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई और चेहरा लहूलुहान हो गया। अब इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा है।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, “पश्चिम बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सेवा करने वाले हमारे पार्टी सहयोगियों, जिनमें एक वर्तमान सांसद और विधायक भी शामिल हैं, पर जिस तरह से हमला किया गया, वह बेहद निंदनीय है। यह तृणमूल कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राज्य की दयनीय कानून-व्यवस्था को दर्शाता है। काश पश्चिम बंगाल सरकार और तृणमूल कांग्रेस ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में हिंसा करने के बजाय लोगों की मदद पर ज़्यादा ध्यान देती। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से जनता के बीच काम करते रहने और चल रहे बचाव कार्यों में सहयोग करने का आह्वान करता हूं।”
बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू का काफिला गुजर रहा था। तभी भीड़ ने उन पर पत्थर, चप्पल, जूते और लाठी – डंडों से हमला कर दिया। हांलाकि हमले में विधायक शंकर घोष बाल-बाल बच गए। विधायक शंकर घोष ने हमला टीएमसी की सोची समझी साजिश बताया है।
