केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिब्रूगढ़ और असम के लिए अभूतपूर्व आर्थिक और विकासात्मक अवसर खुले हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में करीब 825 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। डिब्रूगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को ऐतिहासिक करार दिया।अमित शाह ने कांग्रेस पर असम में घुसपैठ को सत्ता हासिल करने का जरिया बनाने का आरोप भी लगाया।
अमित शाह ने कहा, “पिछली सरकारों के दौरान घुसपैठ को बढ़ावा दिया गया, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार ने इस पर सख्ती से रोक लगाई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में यदि असम में तीसरी बार भाजपा सरकार बनती है, तो राज्य से अवैध घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर असम और पूर्वोत्तर का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में असम और नॉर्थ-ईस्ट का गमछा सम्मान और पहचान का प्रतीक बन चुका है, लेकिन राहुल गांधी ने इसका सम्मान नहीं किया। अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में सभी ने असम का गमछा पहना था, लेकिन केवल एक व्यक्ति ऐसा था जिसने गमछा नहीं डाला और वह राहुल गांधी थे। भला आपकी क्या दुश्मनी है? नॉर्थ-ईस्ट के साथ इतना अन्याय क्यों करते हैं?
