भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में बड़ा बयान देते हुए कहा कि इसमें देश के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। पीयूष गोयल ने बजट सत्र के दौरान कहा कि इस डील में देश के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस डील से कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा होगी और अमेरिकी बाजार में भारत का निर्यात बढ़ेगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि सरकार कृषि क्षेत्रों की रक्षा में सफल रही और कई क्षेत्रों पर चर्चा के बाद अमेरिका के साथ डील पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि दुग्ध क्षेत्र में भी हमारे हित सुरक्षित हैं और डील से दोनों देशों को फायदा होगा। पीयूष गोयल ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के कई मामलों पर टेलीफोन पर बातचीत की। इसके बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ को घटाकर 18% करने की घोषणा की।
पीयूष गोयल ने कहा, “मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि यह टैरिफ कई प्रतिस्पर्धी देशों पर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ से कम है। अमेरिका के साथ ट्रेड डील में भारत कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील सेक्टर में अपने हितों की रक्षा करने में कामयाब रहा है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लिए पहलों को बढ़ावा देने में मदद करेगा।”
