Voice Of The People

पीएम मोदी ने केरल के नवनिर्वाचित बीजेपी पार्षदों से की मुलाकात, जानें क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर तिरुवनंतपुरम नगर निगम के भाजपा पार्षदों से मुलाकात की। केरल भाजपा पार्षदों का दिल्ली दौरा स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय नेतृत्व से जोड़ने और राज्य में पार्टी की उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने केरल के पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद सत्र आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों से सीधे बातचीत की और केरल में विकास कार्यों तथा सांगठनिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि लोक कल्याण मार्ग स्थित 7 नंबर की बैठक में केरल के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा के पंचायत, नगरपालिका और निगम सदस्य उपस्थित थे, जिनमें तिरुवनंतपुरम नगर निगम भी शामिल था, जहां पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश मिला है।प्रधानमंत्री ने कहा कि बैठक में भाजपा का जनता से जुड़ाव और गहरा करने, सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उपायों पर व्यापक चर्चा हुई।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि केरल के लोग एलडीएफ और यूडीएफ से निराश हो चुके हैं और भाजपा-एनडीए गठबंधन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। ऐसे में निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जमीनी स्तर पर काम कर जनता की समस्याओं का समाधान करें।प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल में पार्टी को मजबूत बनाने में वर्षों से अथक परिश्रम करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय है। उन्हीं के निस्वार्थ प्रयासों के कारण पार्टी को राज्य में सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केरल में भाजपा का और विस्तार होगा।

Must Read

Latest