प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। वाराणसी नगर निगम ने एक घंटे से भी कम समय में 2.5 लाख से अधिक पौधे लगाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस अभियान में 20,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जो जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। इस बड़ी उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक मान्यता दे दी है। 01 मार्च 2026 को सिर्फ एक घंटे में 2.51 लाख मियावाकी मेथड से पौधे लगाए गए। इससे पहले चीन में एक घंटे में 1.53 लाख पौधे लगाने का रिकॉर्ड था, जिसे अब वाराणसी ने पीछे छोड़ दिया।
गंगा घाटों के पास डोमरी इलाके में लगभग 350 बीघा जमीन पर ‘नमो वन’ नाम से एक विशाल अर्बन फॉरेस्ट तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत कुल 3 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं, जिनमें 2.5 लाख मियावाकी मेथड के पौधे, 10 हजार टिम्बर ट्री और 40 हजार फलदार पेड़ शामिल हैं। यह प्रोजेक्ट शहर में हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
‘नमो वन’ में सिर्फ पौधारोपण ही नहीं, बल्कि कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसमें 4 किलोमीटर लंबा पैदल मार्ग, मेडिटेशन और योग प्लाज़ा, 4 हेक्टेयर का फ्लॉवर पार्क, 2 हेक्टेयर का हर्बल पार्क, बच्चों के लिए प्ले जोन और ओपन जिम प्लाजा शामिल है। भविष्य में यहां नेचुरोपैथी प्लाजा बनाने की भी योजना है।
यह अर्बन फॉरेस्ट जैव-विविधता को बढ़ाने में मदद के साथ ही गंगा नदी के किनारों को मजबूत करेगा। इससे इलाके का इकोलॉजिकल बैलेंस बेहतर होगा। नगर निगम को उम्मीद है कि तीसरे साल से इस प्रोजेक्ट से लगभग 2 करोड़ रुपये का सालाना राजस्व मिलेगा, जो सातवें साल तक बढ़कर करीब 7 करोड़ रुपये पहुंच सकता है।
