तमिलनाडु में पीएम मोदी ने 4400 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, मंदिर में की पूजा अर्चना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु के दौरे पर हैं। यहां मदुरै में उन्होंने 4,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 3 नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन किया और तमिलनाडु में आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने प्रमुख एनएच मार्गों के मराक्कनम-पुडुचेरी, परमकुडी-रामनाथपुरम खंडों को 4-लेन बनाने की आधारशिला रखी। इसके बाद पीएम मोदी ने मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने 4400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी है,उनका उद्घाटन किया है और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया है। ये परियोजनाएं संपर्क व्यवस्था में बदलाव लाएंगी, अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी, रोजगार सृजित करेंगी और लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बनाएंगी, किसानों को बाजार तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़कें उपलब्ध कराएंगी, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए यात्रा को आसान बनाएंगी और व्यवसायों के लिए परिवहन को तेज करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में, भारत सरकार ने तमिलनाडु के राजमार्ग नेटवर्क में भारी निवेश किया है। 2014 से अब तक यहां 4,000 किलोमीटर से अधिक राजमार्गों का निर्माण किया गया है। मुझे आज दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए खुशी हो रही है। इससे तीर्थयात्रियों की यात्रा सुगम होगी और कृषि उत्पादों और समुद्री उत्पादों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।

Must Read

Latest