‘एलडीएफ और यूडीएफ ने युवा शक्ति के साथ विश्वासघात किया’, केरल में पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस-लेफ्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में 10 हजार 800 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आपको केरल में भाजपा-एनडीए की सरकार बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपने कांग्रेस और वामपंथियों को 70 साल से अधिक का समय दिया है। अब भाजपा-एनडीए को मौका दीजिए ताकि वे आपकी सेवा कर सकें। आपको विकसित केरल की एक झलक देखने को मिलेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश से कहूंगा कि कांग्रेस-लेफ्ट द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहें, सतर्क रहें। पश्चिम एशिया में आज जो कुछ भी हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं। लेकिन आपको याद रखना है कि आज देश में भाजपा-एनडीए की सरकार है। जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ा है, हमने उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।

पीएम मोदी ने कहा, “आपको मोदी की गारंटी प्राप्त है।21वीं सदी के पहले 25 वर्षों में एलडीएफ और यूडीएफ ने युवा शक्ति के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस को युवाओं की क्षमता पर भरोसा तक नहीं है। कांग्रेस के नेता को यह भी नहीं पता कि भारतीय युवा ड्रोन निर्माण में कमाल कर रहे हैं। उन्हें यह नहीं पता कि भारत में कई कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें यह नहीं पता कि केरल के युवा ड्रोन स्टार्टअप बना रहे हैं। उनकी सोच संकीर्ण है और वे भारत के विकास को नहीं देख सकते।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “एक तरफ भाजपा-एनडीए देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस और लेफ्ट के लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाने में ही जुटे रहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने मिलकर सरकारें चलाई हैं और इन्होंने देश को विदेशों पर ज्यादा से ज्यादा निर्भर ही बनाया है। आज ये लोग मिलकर अफवाहें फैलाने में जुटे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज युद्ध के समय, इस समय में भी कांग्रेस-लेफ्ट और उसका इकोसिस्टम देश में भय पैदा करने में पूरी ताकत खपा रहे हैं।”

Must Read

Latest