प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने गुवाहाटी से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि खराब मौसम की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी से दिल से माफी मांगता हूं और आप सभी से यहीं गुवाहाटी से ही बात कर पाना मुमकिन हो पाया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है और 4 सुपर झूठ गिफ्ट में देती है। कांग्रेस का वादा पूरा करने का कोई इरादा नहीं होता। कांग्रेस लोगों में फूट डालने का काम कर रही है, जबकि डबल इंजन की सरकार से असम में विकास हो रहा है। हम हर वादे पूरे कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि NDA की डबल इंजन सरकार असम की विरासत को बचाने और उसके तेजी से विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोकराझार समेत इस पूरे इलाके ने पिछले कुछ दशकों में बहुत मुश्किलें झेली हैं, इसे बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आज, बोडोलैंड शांति और विकास के रास्ते पर चल पड़ा है और आज, असम शांति और तरक्की का एक नया अध्याय लिख रहा है।
पीएम मोदी ने कहा, “आपका प्यार मुझ पर एक कर्ज जैसा है, और मेरा मकसद हमेशा आपकी सेवा करके और इस इलाके के विकास के लिए काम करके इस कर्ज को चुकाना रहा है। कुछ हफ्ते पहले, मुझे गुवाहाटी में बोडो संस्कृति की रिच संस्कृति देखने का मौका मिला। यह देखकर मुझे गर्व होता है कि बोडो समुदाय ने अपनी भाषा और संस्कृति को कैसे बचाकर रखा है। भाजपा-NDA की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और असम के तेज विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। आज यहां इस कार्यक्रम में ही इस क्षेत्र के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकापर्ण हुआ है। इसमें से 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बोडोलैंड की सड़कों के लिए खर्च होने जा रही है। असम माला अभियान के तीसरे चरण से असम की रोड़ कनेक्टिविटी और अधिक सशक्त हो गयी।”
