प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है। जेवर एयरपोर्ट न केवल यूपी बल्कि पड़ोसी राज्यों हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड के बड़े हिस्सों को भी सीधा लाभ पहुंचाने जा रहा है। एक तरह से यह एयरपोर्ट चार राज्यों के नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों और उद्योगों के लिए एक साझा हवाई हब बनेगा। एयरपोर्ट का पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट को 5 चरणों में विकसित किया जाएगा।
ये एयरपोर्ट दिल्ली से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। एयरपोर्ट पर 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक नेविगेशन सिस्टम और ऑल-वेदर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। हर साल करीब 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों के आवागमन की क्षमता पहले चरण में होगी, जिसे आगे बढ़ाया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा, “किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।”
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।”
