असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बारपेटा में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए BJP-NDA की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार असम में NDA सरकार हैट्रिक लगाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि मैदान खचाखच भरा हुआ है और इतनी भीड़ उन्होंने पहले कम ही देखी है। उन्होंने कहा कि अगर मुझे सुबह मीटिंग करनी होती, तो भी मैं इतनी बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा नहीं कर पाता और आपने रिकॉर्ड बना दिया है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास के लिए कोई दीर्घकालिक योजना नहीं होती और वह केवल शॉर्ट टर्म सोच के साथ काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का मकसद केवल भ्रष्टाचार करना है, जबकि BJP देश और राज्य के विकास के लिए लंबे समय की योजना के साथ काम करती है। पीएम मोदी ने कहा कि 2013 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब धान का एमएसपी मात्र 1300 रुपए/क्विंटल था। आज धान का एमएसपी करीब 2370 रुपए/क्विंटल है और असम की भाजपा सरकार अपनी तरफ से भी इसमें वृद्धि करती है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के पहले के 10 वर्षों में जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब देश के धान किसानों को एमएसपी के सिर्फ 4 लाख करोड़ रुपए मिले थे, लेकिन 2014 के बाद के 10 वर्षों में धान किसानों को हमारी सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि साफ है कांग्रेस कभी धान किसानों का भला नहीं कर सकती। कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती जबकि, बीजेपी सरकार, साफ नीयत से जनता को बताती है कि हमने जनता की सेवा के लिए क्या किया।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए विधानसभा में और संसद में महिलाओं की भूमिका हो, ये बहुत जरूरी है, इसलिए हमारी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। उन्होंने कहा कि इसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हुआ है। पीएम मोदी ने कहा, “देश की बहन बेटियों ने 40 साल तक इसका इंतजार किया है। इसलिए जरूरी है 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को ये हक मिले। इसके लिए कानून में संशोधन आवश्यक है। इसलिए 16 अप्रैल से सरकार ने संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। हमने देश की सभी पार्टियों से इसकी चर्चा की है। हमने सभी से कहा है कि आइए, देश की बहनों बेटियों के हक से जुड़े इस काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं।”
