पूरा बंगाल परिवर्तन के रास्ते पर, जो नंदीग्राम में 5 साल पहले हुआ, वहीं अब भवानीपुर में होगा- पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरी। वह आज बंगाल में एक के बाद एक ताबड़तोड़ 3 रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के निशाने पर सीएम ममता बनर्जी रहीं। हल्दिया में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, बंगाल से TMC के जाने का ऐलान हो गया है। विकसित बंगाल के लिए निर्मम सरकार की विदाई करनी होगी। पूरे बंगाल में बीजेपी की लहर है। ममता का जो हाल नंदीग्राम में हुआ वही इस बार भवानीपुर में होगा।

पीएम मोदी ने कहा, “नंदीग्राम ने 5 साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी। अब पूरा पश्चिम बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है। जो कमाल 5 साल पहले नंदीग्राम ने किया था इस बार वही हाल भवानीपुर में भी होने जा रहा है। पूरे बंगाल में होने जा रहा है। कभी देशभर के लोग काम के लिए हल्दिया आते थे लेकिन आज यहां ताले लटक रहे हैं। यहां के नौजवान रोजगार के लिए अंडमान और ओडिशा जा रहे हैं। टीएमसी की निर्मम सरकार में केवल घुसपैठिए की फैक्ट्री फली फुली हैं। दंगाइयों और अपराधियों की दुकानें फली फुली हैं।”

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की सरकार में फर्जी डॉक्यूमेंट बनाना और पशुओं की तस्करी यही इंडस्ट्री डेवलप की है। उन्होंने कहा कि टीएमसी की राजनीति का एक ही केंद्रबिंदु है भय पैदा करो। कारखाने और निवेश भय से नहीं चलता है। फैक्ट्रियां भय के सिंडिकेट से नहीं, भरोसे से चलती हैं। यह भरोसा केवल बीजेपी ही दे सकती है।

पीएम मोदी ने कहा, “तृणमूल सरकार ने बंगाल के युवाओं के साथ जो किया है, उसके पाप वे अगले 100 सालों में भी नहीं धो पाएंगे। टीएमसी ने बंगाल के युवाओं के साथ दोहरा विश्वासघात किया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में कोई नौकरियां नहीं हैं, और अगर हैं भी तो वे घुसपैठियों को दे दी गई हैं। सरकारी पदों को TMC के मंत्री लूट रहे हैं।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “TMC अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए, धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है। कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है। लेकिन तुष्टिकरण की बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट तक को नहीं मानते, संविधान को नहीं मानते। ये (माहिष्य समुदाय) कब से टीएमसी सरकार से अपनी मांग कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी, माहिष्य समुदाय की मांग पूरी करने के बजाय बहाने बना रही है। क्योंकि माहिष्य समुदाय टीएमसी का वोट बैंक नहीं है। मैं आज आपको भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी। जिसका जो हक है, वो हक उसे दिलाया जाएगा।”

Must Read

Latest