बीजेपी सरकार आई तो टीएमसी के भ्रष्टाचार के अड्डे होंगे बंद… पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में हर राजनीतिक दल अपनी ताकत झोंकने में लगा हुआ है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर धावा बोला। कटवा में आयोजित एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी के नेतृत्व पर सीधा निशाना साधते हुए मंत्रियों और स्थानीय विधायकों की मिलीभगत से हुई सुनियोजित लूट का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता का हक मारने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने कहा, “भाजपा टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों और उनके गिरोहों से जुड़े भ्रष्टाचार का कानूनी लेखा जोखा सुनिश्चित करने के लिए यह श्वेत पत्र लाएगी। इसमें सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल का पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखा जाएगा। भाजपा सरकार के तहत ऐसे हर अपराध को रोकने के लिए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भ्रष्टाचार के अड्डों को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा।”

रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में भाजपा के लिए बढ़ते जनसमर्थन को देखकर टीएमसी के नेता बुरी तरह घबरा गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी हार सामने देखकर टीएमसी के लोग झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से बंगाल की महिलाओं और बेटियों को संबोधित करते हुए उन्हें सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिया। पीएम मोदी ने घोषणा की कि भाजपा सरकार आने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए हर महीने 3,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बहनों और बेटियों का आशीर्वाद ही बंगाल में बदलाव की बड़ी वजह बनेगा।

Must Read

Latest