Voice Of The People

Karnataka Elections: युवक को शिकायत दर्ज कराना पड़ा भारी, कांग्रेस विधायक ने जड़ा थप्पड़

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक कथित वीडियो साझा करके ‘गुंडागर्दी’ के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा। कर्नाटक भाजपा इकाई ने आरोप लगाया कि बाबलेश्वर विधानसभा क्षेत्र के एक कांग्रेस विधायक एमबी पाटिल ने एक व्यक्ति पर उस समय हमला किया, जब वह अपनी शिकायतें बताने आया था।

कर्नाटक बीजेपी ने ट्विटर पर वीडियो शेयर किया और लिखा, “गुंडागर्दी कांग्रेस के डीएनए में है। अभिमानी कर्नाटक कांग्रेस विधायक एमबी पाटिल अपनी शिकायतों को साझा करने के लिए आए एक युवक पर शारीरिक हमला करते हैं। शिकायतों को साझा करने के लिए पीटा जाना ही एकमात्र गारंटी है जो कांग्रेस प्रदान करती है।”

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायक एमबी पाटिल के बाबलेश्वर निर्वाचन क्षेत्र का एक व्यक्ति अपनी शिकायतें साझा करने आया था। भ्रमण के दौरान उन्होंने विधायक से कड़े सवाल पूछे और उनके द्वारा विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों व परियोजनाओं की जानकारी ली। बातचीत के दौरान, दोनों के बीच बहस छिड़ गई, जिसके बाद पाटिल ने उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया।

बताया जा रहा है कि एमबी पाटिल 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। वीडियो के अनुसार, उन्होंने एक सार्वजनिक सभा के सामने उस व्यक्ति को थप्पड़ मारा, जो उनके चुनाव अभियान का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि युवक ने मंच पर असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया था।

Must Read

Latest