प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू का दौरा किया। यहां उन्होंने बंगलूरू को कई सौगातें दीं और एक कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद मैं पहली बार बंगलूरू आया हूं। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की सफलता, सीमा पार कई किलोमीटर तक आतंकवादी ठिकानों को तबाह करने की हमारी क्षमता और आतंकवाद के बचाव में आए पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटने टेकने पर मजबूर करने की हमारी क्षमता देखी गई।
पीएम मोदी ने कहा, “पूरी दुनिया ने नए भारत के इस स्वरूप के दर्शन किए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता के पीछे बहुत बड़ी वजह हमारी टेक्नोलॉजी और डिफेंस में मेक इन इंडिया की ताकत है। इसमें बंगलूरू और कर्नाटक के युवाओं का भी बहुत बड़ा योगदान है। मैं इसके लिए भी आप सभी का अभिनंदन करता हूं। कर्नाटक की धरती पर कदम रखते ही अपनापन सा महसूस होता है। यहां की संस्कृति, यहां के लोगों का प्यार और कन्नड़ भाषा की मिठास दिल को छू जाती है।”
पीएम मोदी ने कहा कि बंगलूरू को हम एक ऐसे शहर के रूप में उभरता देख रहे हैं, जो न्यू इंडिया के राइज का सिंबल बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा शहर जिसकी आत्मा में तत्व ज्ञान है और जिसके एक्शन में टेक ज्ञान है। पीएम मोदी ने कहा, “एक ऐसा शहर जिसने ग्लोबल आईटी मैप पर भारत का परचम लहराया है। हम बंगलूरू को नए भारत के उदय का एक सच्चा प्रतीक बनते हुए देख रहे हैं। एक ऐसा शहर जिसने भारत को वैश्विक आईटी नक्शे पर गर्व से स्थापित किया है। बंगलूरू की उल्लेखनीय सफलता की कहानी के पीछे प्रेरक शक्ति इसके लोगों की असाधारण प्रतिभा और सरलता है।”