Voice Of The People

ट्रेड डील से भारतीय व्यापारियों के लिए खुलेंगे अमेरिकी बाजार, किसानों के हित से समझौता नहीं: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

भारत और अमेरिका की ट्रेड डील पर मुहर लग चुकी है। इसको लेकर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि यह व्यापार समझौता निर्यात को बढ़ावा देने वाला साबित होगा। खासतौर पर टैरिफ रेट 18 फीसदी हो जाने का खासा फायदा भारत को मिलेगा। पीयूष गोयल ने कहा कि 50 फीसदी का टैरिफ घटकर 18 फीसदी पर आ चुका है। यह हमारे पड़ोसी देशों की तुलना में बहुत कम है। इससे हमारे निर्यातकों को काफी फायदा मिलेगा।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते को ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसमें देश के किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा और कई वस्तुओं पर शून्य शुल्क लगेगा। इससे 30 अरब डॉलर का अमेरिकी बाजार भारतीय निर्यातकों के लिए खुलेगा। खास बात यह है कि इसमें किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है।

पीयूष गोयल ने कहा कि कुछ किसान विरोधी लोग यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि इससे भारतीय किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने कहाकि हमने इस समझौते में कोई ऐसा काम नहीं किया है जिसमें देश के किसानों, हस्तशिल्प और हथकरघा को कोई नुकसान पहुंचे। पीयूष गोयल ने आगे कहा कि यह समझौता किसानों, एमएसएमई, हस्तशिल्प और हथकरघा के हितों को किसी भी तरह से नुकसान नहीं पहुंचाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भारत ने अल्कोहल युक्त पेय पदार्थ, सौंदर्य प्रसाधन और चिकित्सा उपकरणों जैसे क्षेत्रों में अमेरिका को शुल्क रियायतें दी हैं।

Must Read

Latest