प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिनों के दौरे पर हैं। उन्होंने शनिवार को कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मलेशिया में भारत के लिए प्यार और सम्मान है, ऐसा स्वागत भारत याद रखेगा।पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मैं पिछले साल आसियान समिट में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया नहीं आ पाया था लेकिन मैंने मेरे दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द ही मलेशिया आऊंगा और जैसा वादा किया था मैं यहां हूं। ये 2026 की मेरी पहले विदेश यात्रा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के प्रति मलेशिया का प्यार दिखा है, ऐसा स्वागत भारत याद रखेगा, मलेशिया में भारतीय संगीत और सिनेमा लोकप्रिय है। उन्होंने कहा कि मलेशिया के 500 स्कूलों में भारतीय भाषाओं की पढ़ाई हो रही है और दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती आई है।
पीएम मोदी ने कहा, “मैंने सुना है कि मलेशिया में भारतीय संगीत और फिल्में काफी लोकप्रिय हैं। मैंने बताया कि प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम बहुत अच्छा गाते हैं लेकिन भारत में बहुत से लोगों को यह बात पहले नहीं पता थी। उनके पिछले भारत दौरे के दौरान जब उन्होंने एक पुराना हिंदी गीत गाया, तो उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। आज हम प्रगति में एक दूसरे के साथ हैं। भारत और मलेशिया की साझा विरासत है। मैंने मेरे मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में भी मलेशिया का जिक्र किया था। मैने 1.4 अरब भारतीयों से साझा किया था कि किस तरह मलेशिया के 500 से ज्यादा स्कूलों में बच्चों को भारतीय भाषाएं सिखाई जा रही हैं। मलेशिया में विवेकानंद को काफी लोग मानते हैं।”
