
नितेश दूबे, जन की बात
झारखंड में पहले चरण का चुनाव 30 नवम्बर को शांतिपूर्वक ख़त्म हुआ और 7 दिसम्बर को दूसरे चरण का चुनाव है। प्रशासन ने इसके लिए पूरी कमर कस ली है। दूसरे चरण में कुल 20 सीटों पर मतदान होना है और कुल 260 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बता दें की पहले चरण में 13 सीटों पर मतदान हुआ था और 189 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।
झारखंड का दूसरा चरण काफी खास माना जा रहा क्योंकि इसमें मुख्यमंत्री,पूर्व मंत्री,कई दलबदलू विधायक, पूर्व आईपीएस , पूर्व नक्सली मैदान में हैं और अपनी किस्मत आजमा रहें हैं। झारखंड के दूसरे चरण में 20 सीटों में 15 सीटें नक्सल प्रभावित है। 2113 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
दूसरे चरण के मुख्य उम्मीदवार
दूसरे चरण में कई बड़े नाम चुनावी मैदान में हैं इसमें मुख्यमंत्री रघुबर दास जमशेदपुर ईस्ट से लड़ रहें हैं तो उनको उनके ही कैबिनेट में मंत्री और बागी बीजेपी नेता सरयू राय निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में टक्कर दें रहें है। वहीँ जमशेदपुर पश्चिमी से कांग्रेस के दिग्गज बन्ना गुप्ता,चक्रधरपुर से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ चुनावी ताल ठोक रहें हैं। मंडर से झारखंड विकास मोर्चा की बंधू तिर्की, तमाड़ से पूर्व नक्सली कुंदन पाहन और एनसीपी से विवादित नेता और सुपारी देने के आरोपी राजा पीटर भी चुनाव लड़ रहें हैं और तमाड़ से ही जेएमएम के विकाश सिंह मुंडा चुनावी ताल ठोक रहें हैं। खूटी से बीजेपी के नीलकंठ सिंह मुंडा , बहरागोड़ा से बीजेपी के कुनाल षड़ंगी, सरायकेला से जेएमएम के चम्पई सोरेन , जुगलसलाई से आजसू रामचंद्र सहिस,सिमडेगा से पूर्व आईपीएस रेजी डुंगडुंग चुनावी मैदान में हैं।
किस सीट पर कितने प्रत्याशी मैदान में
जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी से 20 प्रत्याशी, बहरागोड़ा और मनोहरपुर से 14 प्रत्याशी, घाटशिला-खरसावां और मझगांव से 16 प्रत्याशी, जुगसलाई-पोटका और सिसई से 10, जगरनाथपुर-चाईबासा और मांडर से 13, खूंटी और सिमडेगा से 11 , कोलेबीरा से 9, तोरपा से 8, तमाड़ से 17 और सरायकेला से 7, चक्रधरपुर पुर से 12 प्रत्याशी मैदान में है।
जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी से सबसे अधिक 20 प्रत्याशी जबकि सरायकेला से सब से कम 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
ज्यादा प्रत्याशियों के कारण 4 विधानसभा में ईवीएम लगेंगे
मझगांव और घाटशिला में 16 प्रत्याशियों होने के कारण दो ईवीएम का प्रयोग होगा और वही हाल जमशेदपुर पश्चिम -जमशेदपुर पूर्वी में 20 प्रत्याशियों कारण दो ईवीएम का प्रयोग होगा।
तमाड़ विधानसभा में दिलचस्प लड़ाई
तमाड़ विधानसभा चुनाव में दिलचस्प लड़ाई देखने को मिलेगी। तमाड़ से विधायक रहे पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा के बेटे और वर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा जेएमएम के टिकट पर चुनाव लड़ रहें। वहीं पर उनको टक्कर दे रहे हैं एनसीपी के राजा पीटर जो कि रमेश सिंह मुंडा के हत्यारोपी और पूर्व नक्सली कुंदन पाहन के खिलाफ सुपारी देने के भी आरोपी हैं। तमाड़ से ही पूर्व नक्सली कुंदन पाहन भी चुनाव लड़ रहा है। पूर्व नक्सली कुंदन पाहन आईसीआईसीआई बैंक से 5 करोड़ और 1 किलो सोना लूटने का भी आरोपी है और इस वक्त हजारीबाग के ओपन जेल में है।