Voice Of The People

पीएम मोदी दो दिवसीय फ्रांस दौरे पर रवाना; फ्रांस के ‘बैस्टिल डे परेड’ में विशिष्ट अतिथि के तौर पर लेंगे हिस्सा

पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के फ़्रांस दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। वे 14 जुलाई को मनाए जाने वाले फ्रांस के नेशनल डे ‘बैस्टिल डे परेड’ में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की तीनों टुकड़ियां भी हिस्सा लेंगी।

इससे पहले वे आज फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात के अलावा रात 11 बजे पेरिस में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। उस वक्त फ्रांस में शाम के 4.30 बज रहे होंगे। इसमें बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों के शामिल होने की संभावना है। पीएम मोदी का यह दौरा फ़्रांस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर हो रहा है।

पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के बीच आज द्विपक्षीय मुलाकात भी संभव है। इसके साथ ही दोनों देश रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा कर सकते हैं। भारत और फ़्रांस के बीच रक्षा क्षेत्र में कई अहम समझौते होने की भी उम्मीद है। भारत और फ़्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे हुए हुए हैं। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत 1998 में हुई थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विश्वास जताया कि उनकी फ्रांस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को नयी गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह फ्रांस की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विविध विषयों पर विस्तृत चर्चा को लेकर आशान्वित हैं।

फ्रांस रवाना होने से पहले अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा इस मायने में खास है कि वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की सामरिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी जड़े गहरे विश्वास और प्रतिबद्धता में निहित है और दोनों देश रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था निवेश शिक्षा, संस्कृति, लोगों के बीच सम्पर्क, असैन्य परमाणु क्षेत्र, अंतरिक्ष जैसे विविध क्षेत्रों में करीबी सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं इस दीर्घकालिक और 25 वर्षों में समय की कसौटी पर खरे उतरे इस संबंध को और आगे ले जाने को लेकर राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात करने और विभिन्न विषयों पर चर्चा करने को आशान्वित हूं।

SHARE

Must Read

Latest