Voice Of The People

एक साल के अंदर 5G सेवा पहुंचाने वाले टॉप 3 देशों में शामिल भारत, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया

भारत में 5G सेवा शुरू हुए साल भर ही हुआ है मगर इतने कम अरसे में भी भारत इस मोर्चे पर दुनिया के शीर्ष देशों में शुमार हो गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक इन्टरव्यू में कहा, “शुरू से ही हमारा ध्यान इस बात पर था कि देश में 5G सेवा का कितना अधिक विस्तार हो रहा है। हमें खुशी है कि एक साल में ही 3.60 लाख 5G साइट लग चुकी हैं। भारत इस उल्लेखनीय प्रगति के साथ ही चीन और अमेरिका के बाद 5G सेवा देने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश हो गया है।”

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, “हमने करीब-करीब हर जिले (कुल 766) में 5G सेवा पहुंचा दी है। हमें पूरा विश्वास है कि अगले एक साल में देश की सभी तहसील (करीब 5,600) भी 5G की जद में आ जाएंगी। इस तरह देश में 5G सेवा का विस्तार काफी बढ़ जाएगा। हमने पहले वर्ष 2 लाख साइट लगाने का लक्ष्य तय किया था। उससे बहुत आगे निकलते हुए हम लगभग 3.60 लाख साइट लगा चुके हैं। दूसरे साल में देश में 4.30 लाख 5G सेल साइट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। हमें उम्मीद है कि हम साल बीतने से पहले ही यह काम भी पूरा कर लेंगे।”

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अब 5G सेलफोन 15,000 रुपये से शुरू हो रहे हैं। मोबाइल फोन कंपनियां अब अपनी क्षमताओं का इस्तेमाल 4G के बजाय 5G फोन बनाने में कर रही हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि 5G के शुल्क भी 4G की तरह ही हैं। मगर लोग लंबे समय तक एक ही फोन इस्तेमाल कर रहे हैं। कुल मिलाकर 4G से 5G की ओर जाते लोग साफ दिख रहे हैं।

SHARE

Must Read

Latest