Voice Of The People

‘मैं दुनिया का सबसे धनी व्यक्ति क्योंकि मेरे खाते में करोड़ों माताओं बहनों का आशीर्वाद’, महिला दिवस पर लखपति दीदियों को संबोधित करते हुए बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुजरात के नवसारी में लखपति दीदी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाकुंभ में उनको माता गंगा का आशीर्वाद मिला और आज मातृशक्ति के इस महाकुंभ में सभी माताओं-बहनों का आशीर्वाद मिला। आज महिला दिवस पर उनकी मातृभूमि गुजरात में इतनी बड़ी संख्या में सभी माताओं, बहनों, बेटियों की मौजूदगी में मिले प्यार, स्नेह और आशीर्वाद के लिए वह मातृशक्ति को सिर झुकाकर नमन करते हैं।

पीएम ने कहा कि आज सभी के लिए महिलाओं से प्रेरणा लेने और उनसे सीखने का दिन है। सभी महिलाओं का अभिनंदन और धन्यवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह गर्व से कह सकते हैं कि वह दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हैं। उनके जीवन के खाते में करोड़ों माताओं, बहनों, बेटियों का आशीर्वाद है और यह लगातार बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि शास्त्रों में नारी को नारायणी कहा गया है। नारी का सम्मान समाज और देश के विकास की पहली सीढ़ी है, इसलिए भारत विकसित देश बनाने के लिए और तेज़ विकास के लिए महिला-नेतृत्व वाले विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। उनकी सरकार महिलाओं के जीवन में सम्मान और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि चाहे राजनीति हो या खेल का मैदान, न्यायपालिका हो या पुलिस, महिलाएं देश के हर क्षेत्र और आयाम में परचम लहरा रही हैं। 2014 के बाद से देश में अहम पदों पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। 2014 के बाद से केंद्र सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं मंत्री बनी और संसद में भी महिलाओं की मौजूदगी में बड़ी बढ़ोतरी हुई।

SHARE

Must Read

Latest