मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को जेएलएन स्टेडियम में ”100 दिन सेवा के” समारोह में अपने कामकाज का विस्तृत लेखा-जोखा पेश किया। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर से बातचीत के दौरान उन्होंने यमुना सफाई, महिलाओं के लिए योजनाएं और दिल्ली के विकास पर विस्तार से बात की। भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर ‘100 दिन सेवा के’ कार्यक्रम का आयोजन किया है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम में अभिनेता अनुपम खेर के साथ बीते 100 दिनों को लेकर बातचीत की।
सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली की जनता को धन्यवाद देना चाहती हूं उन्होंने अपना विश्वास हम पर बनाए रखा। इन 100 दिनों में हम जो काम कर पाए उन पर आज चर्चा हुई। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली का दुर्भाग्य रहा कि यमुना की सफाई पर कभी किसी ने गंभीरता से काम नहीं किया, न ही कूड़े के पहाड़ों और पर्यावरण को साफ करने के लिए किसी ने काम किया। यमुना नदी को साफ करने के लिए किसी के पास कोई नीयत या नीति नहीं थी। केंद्र सरकार ने इस पर काम करने के लिए दिल्ली को करोड़ों रुपये का बजट दिया, लेकिन उनके पास कोई विजन नहीं था। हमारी सरकार यमुना नदी को साफ करने के लिए काम कर रही है।”
दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पर अभिनेता अनुपम खेर ने कहा, “मेरे सवाल दिल्ली की जनता के सवाल थे। मैंने अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और दिल्ली के अन्य लोगों से सवाल एकत्र किए। उन्होंने (दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता) उनका सच्चाई और मुखरता से जवाब दिया। मुझे उम्मीद है कि आज उन्होंने जो सच्चाई के साथ कहा, वह उनके चार साल पूरे होने के बाद भी लोगों तक पहुंचेगा।”