प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा में भगवान राम की दुनिया की सबसे ऊंची 77 फीट की कांस्य मूर्ति का अनावरण किया। यह मूर्ति श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्थम मठ में स्थापित की गई है, जहां इस समय मठ परंपरा के 550 साल पूरे होने पर खास आयोजन चल रहे हैं। पीएम मोदी ने जिस प्रतिमा का अनावरण किया, उसे मशहूर मूर्तिकार राम सुतार ने बनाया है। यही कलाकार गुजरात में बनी ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के लिए भी जाने जाते हैं। यह राम प्रतिमा दुनिया में सबसे ऊंची बताई जा रही है।
मठ परंपरा के 550 साल पूरे होने के अवसर पर 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, हर दिन 7000 से 10 हजार श्रद्धालुओं के मठ में आने की उम्मीद है।दक्षिण गोवा के कनाकोना स्थित पर्तगल गांव में इस मठ का वर्तमान परिसर करीब 370 साल पहले बनाया गया था।
गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने कहा कि यह नई प्रतिमा दुनिया भर में भगवान राम की सबसे ऊँची प्रतिमा बनने वाली है, जो मठ के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और बढ़ाएगी।मठ में हुआ आज का यह आयोजन हाल के वर्षों में मठ में आयोजित सबसे बड़े समारोहों में से एक है।
