मोदी सरकार भारत के लोगों के हित में सभी जरूरी कदम उठा रही है… आरएसएस सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का बड़ा बयान

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठकर हरियाणा के समालखा में हुई। तीन दिन की इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और अप्रैल से जून तक होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की योजना पर भी बात हुई। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए संघ के सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि हम चाहते हैं कि विश्व में शांति हो। युद्ध कई कारणों से होते हैं।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि संघ का विचार है कि युद्ध जितना जल्दी हो समाप्त होना चाहिए और लोगों का जीवन शांति से चले। उन्होंने कहा कि भारत और भारत के लोगों के हित में सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है और संघ का विश्वास है कि जो किया जा रहा है वह ठीक है।

संघ के सरकार्यवाह ने कहा कि हमने पहले से कहा है कि भारत के सभी लोगों के पूर्वज हिंदू ही हैं, आप हिंदू कहो भारतीय कहो या जो भी कहो। जब हिंदू समाज का संगठन कहते हैं तो किसी का विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले सरसंघचालक ने भी कहा था कि सबके पूर्वज एक हैं, हां अब डीएनए शब्द नया है और शब्द युग के हिसाब से आते हैं।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करेगा। इसके लिए सिखों के सातवें गुरु हरराय साहिब के जीवन और प्रकृति संरक्षण को आधार मानकर काम करेगा। विश्व पर्यावरण दिवस पर देशभर में पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण के कार्य किए जाएंगे।

Must Read

Latest