प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। रविवार (22 मार्च 2026) को पीएम मोदी कुल मिलाकर 8931 दिन तक अलग-अलग सरकारों के प्रमुख रह चुके हैं। यानी वे अब भारत के सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेता बन चुके हैं। अपनी इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो कि 8930 दिन तक सिक्किम में सरकार के प्रमुख रहे थे।
पीएम मोदी के लिए यह पूरी उपलब्धि सिर्फ किसी एक सरकार का नेतृत्व करते हुए नहीं आई है। बल्कि उनकी इस उपलब्धि में 15 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड और अब लगातार करीब 12 साल से प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड शामिल है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिन पूरे कर उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, और वह भारत में किसी भी चुनी हुई सरकार के सबसे लंबे समय तक प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं।
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी, जब उन्होंने भूकंप के बाद की चुनौतियों और राजनीतिक अस्थिरता के बीच केशुभाई पटेल की जगह ली थी। उन्होंने 2002, 2007 और 2012 में लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतकर गुजरात के सबसे लंबे समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड बनाया और उनके शासन का तरीका देशभर में गुजरात मॉडल के रूप में लोकप्रिय हुआ।
26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके नेतृत्व में भाजपा ने तीन दशकों में पहली बार पूर्ण बहुमत (282 सीटें) हासिल किया। इसने गठबंधन की राजनीति के युग को समाप्त कर दिया। 2019 में भाजपा ने 303 सीटें जीतकर अपनी स्थिति और मजबूत की। 2024 में 240 सीटों के साथ एनडीए गठबंधन ने सत्ता बरकरार रखी। जवाहरलाल नेहरू के बाद प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीन कार्यकाल के लिए नियुक्त होने वाले एकमात्र प्रधानमंत्री हैं।
