केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए मंच से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। अमित शाह ने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हाल ही में बिहार यात्रा पर आए थे, लेकिन उनकी यात्रा का मकसद शिक्षा, रोजगार, बिजली या सड़क विकास नहीं था।
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा दरअसल घुसपैठिया बचाओ यात्रा थी। उन्होंने कहा, “क्या घुसपैठियों को मुफ्त राशन, रोजगार, नौकरी, वोट का अधिकार और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलना चाहिए? राहुल गांधी हमारे युवाओं के अधिकार छीनकर बांग्लादेश के घुसपैठियों को देना चाहते हैं।”
अमित शाह ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव अगर पूरी जिंदगी भी मुख्यमंत्री रहें तो भी उतना काम नहीं कर सकते, जितना एनडीए सरकार ने किया है। अमित शाह ने लालू शासन को घोटालों से जोड़ा और कहा कि चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, लैंड फॉर जॉब घोटाला समेत कई भ्रष्टाचार मामलों से बिहार को पीछे धकेल दिया गया।