Voice Of The People

‘नाम बदलने’ पर चीन को भारत की दो टूक, विदेश मंत्रालय ने कहा – अरुणाचल प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न अंग रहेगा

भारत ने अरूणाचल प्रदेश के 11 स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयास को सिरे से खारिज कर दिया है। जवाब में विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने 11 स्थानों की एक सूची जारी की थी जिसका नाम बदलकर या ‘मानकीकृत’ कर दिया गया है। सूची में दो भूमि क्षेत्र, दो आवासीय क्षेत्र, पाँच पर्वत चोटियाँ और दो नदियाँ शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह का प्रयास किया है। हम इसे सिरे से खारिज करते हैं। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न, अविच्छेद्य अंग है। आविष्कृत नामों को असाइन करने का प्रयास इस वास्तविकता को नहीं बदलेगा।

चीन सरकार द्वारा अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्रों के बदले नाम तीसरी बार जारी किए गए हैं। इससे पहले 2017 में उसने अरुणाचल प्रदेश के छह स्थानों के नामों और 2021 में 15 स्थानों के नामों की लिस्ट जारी की थीं। हालांकि, भारत ने इन दोनों सूचियों को खारिज कर दिया था, भारत ने हमेशा कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है। इस पर चीन का दावा उसकी बदनीयत का प्रमाण है।

SHARE

Must Read

Latest