पंजाब के अमृतसर में स्थित सिक्खों के पवित्र स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार की 39वीं बरसी के दिन खालिस्तान समर्थक नारे लगाए गए। जानकारी के अनुसार स्वर्ण मंदिर के गेट पर कुछ लोगों ने जरनैल भिंडरावाले के पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया और तलवार लहराते हुए खालिस्तान के समर्थन में नारा लगाया। इन लोगों ने यहां नारे लगाए, ‘अकाल तख्त तों आई आवाज, खालिस्तान जिंदाबाद’। बता दें कि कट्टरपंथियों के एक गुट की मांग है कि अलग खालिस्तान बनाया जाए। इसमें भारत और पाकिस्तान के उन इलाकों को शामिल करने की बात कही जाती है जहां सिख समुदाय के लोग रहते हैं।
अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक-चौबंद रखी है बावजूद इसके कुछ अराजक तत्वों द्वारा शांति भंग करने के लिए खालिस्तान के नारे लगाये गये। घटना के बाद अमृतसर में पुलिस बेहद सक्रिय है।
बताते चलें कि साल 1984 में भारतीय सेना की ओर से किये गये ऑपरेशन ‘ब्लू स्टार’ में खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरेवाला को मार गिराया था। इस ऑपरेशन का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उन्हीं के सिख अंगरक्षकों ने दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर गोलियों से छलनी कर दिया था।
सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया ताकि अमृतसर की सुरक्षा में कोई सेंध ना लगा सके। पुलिस के मुताबिक अमृतसर की सुरक्षा में करीब सात हजार जवान तैनात किए गए हैं । जिसमें अर्धसैनिक बल की चार कंपनियां भी शामिल हैं। इसके अलावा दरबार साहिब की ओर जाने वाली बाहरी गाड़ियों पर रोक लगा दी गई है।
