Voice Of The People

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे इसरो, वैज्ञानिकों को दी बधाई, 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसरो पहुंचे और वैज्ञानिकों को चंद्रयान 3 की सफलता के लिए बधाई दी। बंगलुरू में इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी चंद्रयान-3 की सफलता से भावुक हो गए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी, वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए थोड़ी देर के लिए चुप हो गए और अपनी भावनाओं को संभालते हुए उन्होंने आगे अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री मोदी ने वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा कि आपकी मेहनत, आपके धैर्य को सैल्यूट है। पीएम मोदी ने कहा कि यह आज का भारत है जुझारू भारत।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा 23 अगस्त को जब भारत ने चंद्रमा पर तिरंगा फहराया, उस दिन को हिंदुस्तान नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाएगा।

बंगलुरू में इसरो के टेलेमेट्री ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉम्पलेक्स में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कई बार ऐसा होता है जब बेसब्री हो जाती है, मेरे साथ भी इस बार ऐसा ही हुआ। मैं दक्षिण अफ्रीका में था और फिर ग्रीस जाना हुआ लेकिन मेरा मन आपके साथ था। मैं जल्द से जल्द आप लोगों से मिलना चाहता था और आपको सैल्यूट करना चाहता था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मैं अलग तरह की खुशी महसूस कर रहा हूं। ऐसे पल दुर्लभ होते हैं।

पीएम मोदी ने कहा एक समय था जब हमारी गिनती तीसरे नंबर में होती थी। आज ट्रेड से लेकर तकनीक तक, भारत की गिनती पहली पंक्ति में खड़े देशों में हो रही है। तीसरी पंक्ति से पहली पंक्ति की इस यात्रा में हमारे इसरो जैसे संस्थानों की बड़ी भूमिका है। आज पूरी दुनिया भारत की वैज्ञानिक ताकत को पहचानती है। चंद्रयान महाभियान सिर्फ भारत की सफलता नहीं है बल्कि यह पूरी मानवता की सफलता है।

SHARE
Chandan Kumar Pandey
Chandan Kumar Pandeyhttp://jankibaat.com
Chandan Pandey has 5 year+ experience in journalism field. Visit his twitter account @Realchandan21

Must Read

Latest