Voice Of The People

यूपी के बुलंदशहर में पीएम मोदी ने 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले – राष्ट्र सेवा ही हमारा संकल्प है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार (25 जनवरी) को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंचे। पीएम मोदी ने इस दौरान हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पीएम ने जनसभा को भी संबोधित किया। इससे पहले मंच पर स्थानीय नेताओं ने उन्हें भगवान राम की मूर्ति भेंट की।

पीएम मोदी ने 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें रेल, सड़क, तेल व गैस और शहरी विकास एवं आवास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं।

पीएम मोदी ने कहा, “मैं बुलंदशहर समेत वेस्टर्न यूपी के सभी परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भाइयों और बहनों इस क्षेत्र ने तो देश को कल्याण सिंह जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने राम काज और राष्ट्र काज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया. आज वो जहां हैं, अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जैसे और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है, लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका स्वप्न पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था। प्राण प्रतिष्ठा का काम पूरा हुआ अब राष्ट्र प्रतिज्ञा को ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। आज का कार्यक्रम हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज भारत में दो बड़े डिफेंस कॉरीडोर पर काम चल रहा है। उनमें से एक पश्चिमी यूपी में बन रहा है। आज भारत में नेशनल हाइवे का तेजी से विकास हो रहा है। उसमें से अनेक पश्चिमी यूपी में बन रहे हैं। आज हम यूपी के हर हिस्से को आधुनिक एक्सप्रेसवे से कनेक्ट कर रहे हैं। भारत का पहला नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में ही शुरू हुआ है। यूपी के कई शहर मेट्रो सुविधा से जुड़ रहे हैं।”

SHARE

Must Read

Latest