भारत और मॉरिशस के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरिशस के राष्ट्रपति धरम गोखुल और उनकी पत्नी को विशिष्ट भारतीय उपहार भेंट किए। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति गोखुल को महाकुंभ के पवित्र संगम का जल और बिहार का सुपरफूड मखाना भेंट किया। राष्ट्रपति की पत्नी को बनारसी साड़ी भेंट की। पीएम मोदी ने मॉरिशस के राष्ट्रपति गोखुल को महाकुंभ का जल एक कांसे और पीतल के बर्तन में भेंट किया। यह भारतीय संस्कृति और धार्मिकता का प्रतीक है। इस जल को महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन से लिया गया था, जो भारतीय हिंदू परंपरा में अत्यधिक महत्व रखता है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरिशस के राष्ट्रपति को बिहार का प्रसिद्ध सुपरफूड मखाना भी भेंट किया। मखाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है, विशेष रूप से भारत के बिहार राज्य में उगाया जाता है और इसके कई स्वास्थ्य लाभ हैं। यह उपहार दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ करता है।
मॉरिशस राष्ट्रपति की पत्नी को प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय शिल्प कला की उत्कृष्टता का प्रतीक एक शानदार बनारसी साड़ी भेंट की। यह साड़ी वाराणसी की प्रसिद्ध बनारसी शिल्पकला को दर्शाती है, जिसमें बारीक सिल्क, जटिल ब्रोकेड और भव्य जरी काम का उपयोग किया गया है। साड़ी का रॉयल ब्लू रंग और चांदी की जरी से बनी डिजाइन इसे विशेष रूप से भव्य और आकर्षक बनाती है।