मोदी सरकार की शिक्षा नीति का कमाल, भारत की साक्षरता दर बढ़कर 80.9% हुई

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि भारत की साक्षरता दर 2011 में 74 प्रतिशत थी जोकि 2023-24 में बढ़कर 80.9 प्रतिशत हो गई है। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सच्ची प्रगति तभी होगी जब साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए एक जीवंत वास्तविकता बन जाएगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सम्मान, सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का साधन है।

धर्मेंद्र प्रधान ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2025 के अवसर पर एक वर्चुअल संबोधन में उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की भूमिका को सराहते हुए कहा कि इसके तहत तीन करोड़ से अधिक शिक्षार्थियों और 42 लाख स्वयंसेवकों ने पंजीकरण कराया है।

धर्मेंद्र प्रधान ने युवाओं और छात्रों से साक्षरता मिशन में योगदान देने का आग्रह किया और सुझाव दिया कि ऐसे प्रयासों को अकादमिक क्रेडिट के साथ एकीकृत किया जाना चाहिए। प्रधान ने लद्दाख, मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश को पूर्ण साक्षरता प्राप्त करने पर बधाई दी और इसे सरकार, समाज और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास की पुष्टि बताया।

Must Read

Latest