26/11 मुंबई आतंकी हमला: 166 जानें गईं, कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट क्यों दी? बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी से पूछे तीन सवाल

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले में 166 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को निशाना बनाया था। ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।लेकिन 26/11 की बरसी पर एक बार फिर तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की भूमिका और पाकिस्तान के खिलाफ उसकी प्रतिक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस और राहुल गांधी से तीन सीधे सवाल पूछे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 26/11 जैसे भीषण आतंकी हमले के बाद तत्कालीन यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई क्यों नहीं की? कांग्रेस ने मुंबई हमले को आरएसएस की साजिश बताने वाली थ्योरी को राजनीतिक मंच क्यों दिया? और हमले के कुछ ही दिनों बाद राहुल गांधी पार्टी में क्यों शामिल हुए थे?

26/11 हमले से पहले मुंबई पर आतंकी हमले की आशंकाओं और खुफिया सूचनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के बीच गंभीर सवाल उठे थे। हमले के बाद गठित राम प्रधान कमिटी ने भी सुरक्षा व्यवस्था, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की कमियों को उजागर किया था। सवाल यह है कि जब संभावित खतरे को लेकर इनपुट मौजूद थे, तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या तत्कालीन सरकार की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की वजह से देश को इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी?

प्रदीप भंडारी के अनुसार हमले के दौरान तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल की भूमिका भी विवादों में रही। मीडिया रिपोर्ट्स में उनके बार-बार कपड़े बदलने की चर्चा हुई थी। वहीं, दिल्ली से मुंबई NSG कमांडोज की तैनाती में हुई देरी ने भी सरकार की आपातकालीन तैयारियों पर सवाल खड़े किए थे। आखिर जब देश की आर्थिक राजधानी आतंकियों के कब्जे में थी, तब तत्कालीन सरकार की प्राथमिकताएं क्या थीं? क्या बेहतर तैयारी और तेज निर्णय से कुछ जानें बचाई जा सकती थीं?

मुंबई हमले के बाद देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहा था। लेकिन इसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ’26/11: RSS की साजिश?’ नाम की विवादित पुस्तक के विमोचन में हिस्सा लिया। प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाया कि जब पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने मुंबई में निर्दोष लोगों की हत्या की थी, तब हमले को लेकर आरएसएस की साजिश जैसी थ्योरी को राजनीतिक मंच देने की जरूरत क्यों पड़ी?

प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के सामने तीन महत्वपूर्ण सवाल रखे हैं:

1. 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर हमला क्यों नहीं किया?

2. कांग्रेस ने मुंबई आतंकी हमले को ‘आरएसएस की साजिश’ बताकर पाकिस्तान को क्लीन चिट क्यों दी?

3. 26/11 जैसे राष्ट्रीय शोक के कुछ ही दिनों बाद राहुल गांधी पार्टी क्यों कर रहे थे?

प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार की वोट बैंक राजनीति के कारण कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दी और देश की सुरक्षा के ऊपर वोट बैंक की राजनीति को रखा।

26/11 हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ तत्काल सैन्य कार्रवाई नहीं की। तत्कालीन यूपीए सरकार ने कूटनीतिक रास्ता अपनाया।पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम के एक इंटरव्यू में अंतरराष्ट्रीय दबाव का जिक्र भी सामने आया था। उन्होंने बताया था कि उस समय दुनिया के कई देश भारत को युद्ध शुरू नहीं करने की सलाह दे रहे थे।

लेकिन सवाल यह है कि क्या अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद भारत को पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए थी?

प्रदीप भंडारी ने कहा कि आज भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति और जवाबी कार्रवाई को लेकर एक अलग तस्वीर देखने को मिलती है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद मई 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। यह भारत की आतंकवाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बना।

Must Read

Latest