भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी विदेश नीति और कूटनीतिक समझ पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बचकानी बातें कर रहे हैं और उनमें डिप्लोमेसी को समझने का मैच्योरिटी लेवल नहीं है।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि एपेक (APEC) प्रशांत महासागर के आसपास के देशों का संगठन है, जिसकी स्थापना 1989 में हुई थी। उस समय राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे और उन्हें भी इस बात की जानकारी थी कि भारत इस संगठन का हिस्सा नहीं हो सकता, क्योंकि भारत प्रशांत क्षेत्र के देशों में शामिल नहीं है।
प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी अंतरराष्ट्रीय संगठन की बैठक में भारत शामिल नहीं है, तो क्या इसका मतलब यह है कि भारत की विदेश नीति कमजोर या समझौतावादी है? इसी तर्क को आगे बढ़ाते हुए भंडारी ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का उदाहरण दिया और कहा कि इसमें अमेरिका सदस्य नहीं है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें भारत का एजेंडा मजबूती से रखते हैं। इसी तरह स्क्वाड (QUAD) की बैठक में चीन शामिल नहीं होता। क्या राहुल गांधी के तर्क के हिसाब से चीन की स्थिति भी समझौतावादी मानी जाएगी?
प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हर उस विदेश नीति पर सवाल उठाते हैं, जिसके जरिए भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व विदेश नीति पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की सोच में भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के मुद्दे पर चीन को प्राथमिकता दी थी और शर्म अल-शेख में भारत ने अपने सामरिक हितों से समझौता किया था।
प्रदीप भंडारी ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस की तत्कालीन विदेश नीति पर सवाल उठाए। प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि उस समय भारत अपनी विदेश नीति में अंतरराष्ट्रीय मंजूरी और समर्थन को अधिक महत्व देता था।
बातचीत के दौरान प्रदीप भंडारी ने सोनिया गांधी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के संबंधों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने नेशनल एडवाइजरी काउंसिल (NAC) का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में सोनिया गांधी का प्रभाव था और प्रधानमंत्री के अधिकारों का अपमान होता था। उन्होंने एक तस्वीर का हवाला देते हुए दावा किया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री के रहते हुए भी सोनिया गांधी विदेशियों के साथ बातचीत करती थीं। उन्होंने इसे देश के प्रधानमंत्री पद का अपमान बताते हुए कांग्रेस की तत्कालीन विदेश नीति को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
अंत में प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत के सामरिक हितों से समझौता किया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है।
