उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से जहां सकारात्मक संकेत दिए जा रहे हैं, वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस और सपा के बीच अंदरूनी खींचतान का दावा करते हुए विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है।
टीवी डिबेट के दौरान प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी को ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने गठबंधन की बैठक पर तंज कसते हुए कहा कि बैठक शुरू होने के महज 10 मिनट के अंदर खत्म हो गई। भंडारी ने चुटकी लेते हुए कहा, “जैसे ही चाय आई, मीटिंग खत्म हो गई।” प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि बैठक से पहले कांग्रेस की ओर से 180 सीटों की मांग की चर्चा थी, लेकिन बाद में यह आंकड़ा 130 सीटों तक पहुंच गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस इतनी सीटें किस आधार पर मांग रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में उसका चुनावी प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है।
प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस के वोट शेयर और चुनावी प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी का प्रदेश में वोट शेयर करीब 2 प्रतिशत रहा है और बड़ी संख्या में सीटों पर उसकी जमानत जब्त हुई थी। प्रदीप भंडारी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी का खुद का जनाधार कमजोर है, वह समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता गठबंधन में देरी को नुकसानदायक बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव सार्वजनिक मंचों से कुछ नेताओं के गठबंधन से संबंध होने पर सवाल उठा चुके हैं। प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा के नेता एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और गठबंधन के भीतर भरोसे की कमी साफ दिखाई दे रही है।
डिबेट के दौरान जब पत्रकार ने प्रदीप भंडारी से सवाल किया कि एनडीए में भी चिराग पासवान सीटों की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि एनडीए में सीटों को लेकर बातचीत स्वाभाविक और सकारात्मक तरीके से होती है। प्रदीप भंडारी ने कहा कि एनडीए में सहयोगी दलों के बीच सार्थक चर्चा होती है, जबकि विपक्षी गठबंधन में नेता सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।
प्रदीप भंडारी ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जीडीपी को 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है और रोजगार के अवसरों में भी चार गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता जमीनी हकीकत से दूर हैं और उन्हें प्रदेश में हुए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं है।
