प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सूरत में 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए विपक्ष पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज भी ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का मजाक उड़ाते हैं, लेकिन वही लोग दशकों तक देश को दूसरे देशों पर निर्भर बनाए रखने के लिए जिम्मेदार रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में कुछ निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं, ये वे लोग हैं जिन्होंने हमेशा भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा।
पीएम मोदी ने कहा कि वे भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर रहने वाला देश कभी भी विकास की उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच सकता, जिसका वह हकदार है। उन्होंने कहा, “आत्मनिर्भर भारत केवल एक आर्थिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत और सक्षम बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। भारत आज रक्षा, विनिर्माण, तकनीक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।”
पीएम मोदी ने कुछ ही दिनों पहले संपन्न विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बंगाल, असम और पुदुचेरी के चुनाव में भाजपा और NDA को बहुत बड़ा जनादेश मिला है। इसके अलावा जो पंचायतों और कॉर्पोरेशन के भी चुनाव देश भर में हो रहे हैं, उसमें भी भाजपा को विजय मिल रही है। ऐसे हर चुनाव का एक ही संदेश है कि देश अराजकता, अनिश्चितता और निराशा को पसंद नहीं करता। संदेश ये है कि कांग्रेस की परजीवी राजनीति नहीं चलेगी। कांग्रेस की अराजकता में अवसर ढूंढने की राजनीति नहीं चलेगी। कर्नाटक की जनता में भी कांग्रेस सरकार को लेकर बहुत आक्रोश है। यही कारण है कि कर्नाटक में भी कांग्रेस को मुख्यमंत्री बदलना पड़ रहा है। कांग्रेस बीते 12 वर्षों से अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अपने लिए अवसर खोज रही है। लेकिन देश की जनता उसे बार-बार करारा जवाब दे रही है।”
