भारत दौरे पर वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज, पीएम मोदी से की मुलाकात; इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

वेनेजुएला में निकोलस मादुरो की सरकार जाने के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति बनीं डेल्सी रोड्रिगेज 3 जून से 7 जून तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। वह एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली पहुंची हैं। बुधवार को नई दिल्ली पहुंचने पर डेल्सी रोड्रिगेज का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भारत और वेनेजुएला के रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में गुरुवार को नई दिल्ली में एक अहम बैठक हुई। माना जा रहा है कि इस दौरे से ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित कई रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी को नई गति मिल सकती है।

राष्ट्रपति डेल्सी के साथ वेनेजुएला के विदेश मंत्री, अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्री, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, संचार एवं सूचना मंत्री तथा परिवहन मंत्री भी भारत आए हैं। इस वजह से इस यात्रा को दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद रहे। बैठक में दोनों देशों के संबंधों की पूरी समीक्षा की गई और कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, वार्ता के दौरान ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, दवा उद्योग, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को विशेष महत्व दिया गया। भारत और वेनेजुएला लंबे समय से ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग करते रहे हैं। ऐसे में वैश्विक ऊर्जा बाजार में बदलते हालात के बीच इस क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को बढ़ाने और नए निवेश अवसरों की पहचान करने पर भी जोर दिया।

वेनेजुएला दुनिया के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में शामिल है, जबकि भारत ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न देशों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग का विशेष महत्व है। इसके अलावा फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि डेल्सी रोड्रिगेज की यह यात्रा भारत और वेनेजुएला के बीच आर्थिक, रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Must Read

Latest