भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को एक हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के दौरान प्रदीप भंडारी ने भगवान हनुमान से भारत की समृद्धि, सुरक्षा और विश्व में बढ़ती प्रतिष्ठा के लिए आशीर्वाद मांगा।
प्रदीप भंडारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “एक समय था जब भारत की अर्थव्यवस्था अच्छी नहीं मानी जाती थी, आज भारत टॉप 4 अर्थव्यवस्था में शामिल है। प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बन चुका है, भारत विकास के रास्ते पर है। आज हर भारतीय, भारतीय होने पर घर महसूस करता है। आज 30 करोड़ परिवारों तक आयुष्मान भारत का इलाज पहुंचा है, 10 करोड़ घरों तक शुद्ध पीने का पानी पहुंचा है।”
प्रदीप भंडारी ने आगे कहा, “अब जब आतंकी हमला होता है तो भारत ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से घर में घुसकर मारता है। जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब साधु संतों पर लाठी चार्ज होता था। आज साधु संत देश को नया मार्ग दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की खोई हुई अस्मिता और आत्मविश्वास को 140 करोड़ देशवासियों के माध्यम से वापस दिलाया है। पीएम मोदी के मिशन के हिसाब से हम सभी भारतीय विकसित भारत 2047 के लिए अपने-अपने कर्तव्य के साथ काम कर रहे हैं।”
