पीएम मोदी ने बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन का त्योहार, जानें क्या रहा खास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक ‘राखी बंधवाने’ वाला कार्यक्रम इस बार सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं दिखा। रक्षाबंधन के बाद पीएम मोदी ने खुद जो तस्वीरें और वीडियो साझा किए, उनमें वह बच्चों के साथ हाई-फाइव करते, हंसते-मुस्कुराते और बेहद सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आए। हर साल की तरह इस बार भी बच्चों ने प्रधानमंत्री को राखी बांधी, लेकिन समारोह के दौरान सामने आए कई पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर समारोह के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “High fives, smiles and more during today’s Raksha Bandhan celebrations at 7, LKM”.

वीडियो में बच्चे काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। कोई प्रधानमंत्री से हाथ मिला रहा है, कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवा रहा है, तो कोई उनसे सवाल पूछ रहा है। वहीं पीएम मोदी भी पूरे समारोह में बच्चों के साथ घुले-मिले नजर आए।

प्रधानमंत्री ने रक्षाबंधन को प्रेम, स्नेह और सौहार्द का पर्व बताते हुए कहा कि यह त्योहार समाज में अपनत्व और सद्भाव की भावना को और मजबूत करे। उन्होंने सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। साथ ही कहा कि यह पावन पर्व लोगों के बीच विश्वास और आत्मीयता के रिश्तों को और गहरा बनाए।

समारोह के दौरान बच्चों और प्रधानमंत्री के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई। इसी दौरान एक बच्चे ने उनसे पूछा कि उनका बचपन का सपना क्या था। सवाल सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए और जवाब दिया, “आप लोगों से मिलने का।” उनके इस जवाब पर वहां मौजूद बच्चे भी मुस्कुरा उठे और माहौल तालियों तथा ठहाकों से गूंज उठा। इससे पहले प्रधानमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए। उन्होंने कामना की कि प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास का बंधन हमेशा अटूट बना रहे।

Must Read

Latest