भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला किया। पार्टी ने उन पर ‘भ्रष्टाचार में बुरी तरह लिप्त’ होने का आरोप लगाया। भाजपा ने कहा कि इस कारण राज्य में सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) का बकाया भुगतान नहीं किया गया है और उन्हें विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “आज पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में तीन लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि राज्य की भ्रष्ट आप सरकार ने अभी तक उनका डीए (महंगाई भत्ता) जारी नहीं किया है।प्रदर्शनकारियों में 30 से 35 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं, जो कह रही हैं कि ‘सरकार ने उनसे झूठ बोला है। आप सरकार ने कर्मचारियों को 18 प्रतिशत डीए देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक इसका भुगतान नहीं किया है।”
दिल्ली में ‘आप’ के कार्यकाल का जिक्र करते हुए प्रदीप भंडारी ने कहा, “जैसे आप ने दिल्ली को लूटा था, वैसे ही वह पंजाब में भी कर रही है। इसके अलावा, मौजूदा सरकारी कर्मचारियों को उनका डीए नहीं मिल रहा है। इससे पता चलता है कि पंजाब की भ्रष्ट आप सरकार राज्य की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर रही है। एक तरफ, वे (आप) सरकारी कर्मचारियों को भुगतान करने में असमर्थ हैं, जबकि दूसरी तरफ भ्रष्टाचार चरम पर है।”
प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि इस ‘भ्रष्टाचार’ के कारण केजरीवाल ने पंजाब में हर व्यक्ति पर 1,23,000 रुपए का कर्ज डाल दिया है। अब लोग खुद ही सरकार की पोल खोल रहे हैं। केजरीवाल को ‘पंजाब का सुपर सीएम’ बताते हुए उन्होंने पूछा, “क्या कर्मचारियों को डीए न देने के लिए पंजाब सरकार में किसी की जवाबदेही तय की जाएगी? आप यह रकम कब जारी करेंगे? केजरीवाल को इसका जवाब देना चाहिए और अपने पीआर स्टंट बंद करने चाहिए।”
प्रदीप भंडारी ने एक रिपोर्ट दिखाते हुए आरोप लगाया, “राज्य में प्रति व्यक्ति आय घट रही है क्योंकि सारा पैसा आप नेता भ्रष्टाचार और आलीशान जीवनशैली जीने में खर्च कर रहे हैं। अगर 24 घंटे के भीतर डीए का भुगतान नहीं किया गया, तो यह साफ हो जाएगा कि आप ने पंजाब की पहचान और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की है।”
