नेपाल में बाढ़ के बाद गृह मंत्रालय अलर्ट, गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी आदित्यनाथ और सम्राट चौधरी से की बात

नेपाल में आज बुधवार को भारी बारिश और ग्लेशियर फटने के बाद भीषण बाढ़ आ गई। इसमें कई लोगों के लापता होने की खबर है। इधर नेपाल की बाढ़ से बिहार में खौफ का माहौल बन गया है। बिहार में संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की। फोन पर हुई बातचीत के दौरान अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्रियों से कहा कि नेपाल में आई बाढ़ की स्थिति से पैदा होने वाले किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार बिहार को हर संभव मदद देगी।

गृह मंत्री अमित शाह ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारी करने के निर्देश भी दिए और राज्य सरकार की तैयारियों की डिटेल मांगी। उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी और योगी आदित्यनाथ से कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने और जरूरत पड़ने पर राज्य के अधिकारियों को मदद देने के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) को तैनात किया जा रहा है।

गृह मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अमित शाह ने फोन कॉल के दौरान कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। साथ ही समय पर मदद और आपदा से निपटने के असरदार उपाय करने के लिए बिहार सरकार के साथ तालमेल बिठाकर काम करेगी।

अमित शाह ने X पर एक पोस्ट में कहा, “नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका अत्यंत दु:खद है। जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएँ उनके साथ हैं। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। नेपाल में आई इस आपदा के संबंध में बिहार व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। इसका प्रभाव जिन सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ सकता है, वहाँ के स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव की टीमों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।”

Must Read

Latest