ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी का बड़ा बयान, जानें क्या कहा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की चर्चा ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इस नए गठबंधन को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से सबसे ज्यादा चिंता भारतीय जनता पार्टी को नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को होनी चाहिए।

एक सवाल के जवाब में प्रदीप भंडारी ने कहा कि इस गठबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि उसे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के अंदर जीतने वाले वोट नजर नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि मुस्लिम वोटों को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए नया गठबंधन बनाया जा रहा है। प्रदीप भंडारी के मुताबिक, इस नए गठबंधन से सबसे ज्यादा चिंता समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मुस्लिम वोटों की पैरवी करने वाले नेता भी यह नहीं समझ पा रहे कि मुस्लिम मतदाता केवल सपा और कांग्रेस के साथ ही जाएंगे, तो यह दोनों पार्टियों के लिए चिंता का विषय है।

प्रदीप भंडारी ने समाजवादी पार्टी के एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब यह देखना होगा कि इस नए राजनीतिक समीकरण में मुस्लिम वोट किसके साथ जाते हैं। प्रदीप भंडारी ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को सपा-कांग्रेस के पुराने राजनीतिक फॉर्मूले का ही एक नया रूप बताया।उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की राजनीति भी वोट बैंक के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई दे रही है। उनके मुताबिक, गठबंधन की राजनीति में मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की पैरवी भी सामने आ सकती है।

प्रदीप भंडारी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियां अलग-अलग राजनीतिक रणनीति के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चुनावी हिंदू बनने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी मुस्लिम लीग कांग्रेस बनती जा रही है। उनके मुताबिक, अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को भी यह समझ में आ गया है कि मुस्लिम वोटों पर केवल सपा और कांग्रेस का अधिकार नहीं है। इसलिए उन्होंने अपना अलग गठबंधन बनाने का रास्ता चुना है।

प्रदीप भंडारी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि उनके बीच विकास और जनता के मुद्दों को लेकर कोई एकजुटता दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों की राजनीति का मुख्य केंद्र बीजेपी को हराना बन गया है। कोई भी विकास के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के सभी दल मानते हैं कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी ही सबसे आगे है और इसी वजह से सभी उसे हराने की रणनीति बनाने में लगे हुए हैं।

अपने बयान के अंत में प्रदीप भंडारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी एकता जैसी कोई बात दिखाई नहीं दे रही है। यह मुद्दों की एकता नहीं, बल्कि वोट बैंक की लड़ाई है।उन्होंने कहा कि एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अपनी राजनीतिक रणनीति के तहत अलग-अलग समीकरण बनाने में लगी हैं, वहीं दूसरी तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने भी अपना अलग गठबंधन तैयार करने का रास्ता चुना है।

Must Read

Latest