गोरखपुर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी, पढ़िए पूरी रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गोरखपुर के दौरे पर थे। जहां पीएम मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा गीता प्रेस गोरखपुर में एक सभा को भी संबोधित किया।

गोरखपुर में भव्य स्वागत

पीएम मोदी के गोरखपुर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। पीएम का काफिला जब एयरपोर्ट से निकला तो पीएम मोदी की एक झलक पाने को लोग अपने घर की छतों पर आ गए। लोगों ने छतों से ही हाथ हिलाकर पीएम मोदी का स्वागत किया तो पीएम ने भी अपनी गाड़ी की रफ्तार धीमी करके उनका अभिवादन स्वीकार किया। एयरपोर्ट से गीता प्रेस गोरखपुर तक साढ़े नौ किलोमीटर के रास्ते में 68 जगहों पर ढोल नगाड़े और फूलों की बारिश से पीएम का स्वागत किया गया।

वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे। गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गोरखपुर जंक्शन से पीएम मोदी ने वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन अयोध्या होते हुए लखनऊ तक चलेगी। वंदे भारत ट्रेन को रवाना करने के दौरान सीएम योगी भी साथ रहे। वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने से रेल यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया।

गीता प्रेस गोरखपुर के कार्यक्रम में हुए शामिल

वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले पीएम मोदी गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने समारोह में कहा “गीता प्रेस विश्व का ऐसा इकलौता प्रिंटिंग प्रेस है, जो सिर्फ संस्था नहीं, बल्कि जीवंत आस्था है। मानव मूल्यों को बचाने के लिए गीता प्रेस जैसी संस्थाएं जन्म लेती हैं। गीता प्रेस का कार्यालय करोड़ों-करोड़ लोगों के लिए किसी मंदिर से कम नहीं है।”

पीएम ने कहा, “इसके नाम और काम में भी गीता है। जहां गीता है वहां साक्षात् कृष्ण भी हैं। वहां करुणा है, ज्ञान का बोध भी है, हां विज्ञान का शोध भी है। यहां सब वासुदेवमय है। यहां की किताबों ने घर-घर में संस्कृति और विरासत पहुंचाई ”

पीएम मोदी ने कहा- सावन का पवित्र माह, इंद्र देव का आशीर्वाद, संतों की कर्मस्थली, ये गोरखपुर की गीता प्रेस। जब संतों का आशीर्वाद फलीभूत होता है, तब ऐसे संस्थान बनते हैं।

पीएम ने कहा- इस बार का मेरा गोरखपुर का दौरा “विकास भी, विरासत भी” की नीति का अद्भुत उदाहरण है। गीता प्रेस के इस कार्यक्रम के बाद मैं गोरखपुर रेलवे स्टेशन जाऊंगा। आज से ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम भी शुरू होने जा रहा है।”

पीएम ने कहा- वंदे भारत ट्रेन ने देश के मध्यम वर्ग को सुविधा और सहूलियत की एक नई उड़ान दी है। आज देश के कोने-कोने से नेता मुझे चिट्ठियां लिखकर कहते हैं कि हमारे क्षेत्र से भी वंदे भारत ट्रेन चलाइए। ये वंदे भारत का क्रेज है।

Vipin Srivastava
Vipin Srivastava
journalist, writer @jankibaat1

Must Read

Latest