Voice Of The People

उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया दौरा, केंद्र ने दिए 413 करोड़, सीएम धामी ने जताया आभार

उत्तराखंड में भारी बारिश, बाढ़ और जगह जगह हुए भूस्खलन के बाद सरकार ने राज्य में हुई तबाही का जायजा लेना शुरू कर दिया है। वहीं चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के रेस्क्यू का भी काम जारी है। लगातार हो रहे भूस्खलन की वजह से कई मार्ग बंद हैं और यात्री जगह-जगह फंसे हुए हैं। उत्तराखंड में अत्यधिक बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ है और अब इस कठिन समय में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड सरकार के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को आपदा मोचन निधि के अंतर्गत 413 करोड़ की राशि जारी करने को लेकर प्रधानमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने पीएम को धन्यवाद कहा है। गौरतलब है कि इस कठिन समय में इस राशि से प्रदेश में जनता को सहायता पहुंचाई जाएगी।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू और कल्याणी में भूस्खलन के कारण अवरूद्ध है जबकि गंगोत्री राजमार्ग भी पकोड़ानाला और धराली के बीच मलबा आने से बंद है। सीमा सड़क संगठन मलबा हटाकर मार्ग खोलने का प्रयास कर रहा है। रूद्रप्रयाग राजमार्ग भी सिरोबगड़ में भूस्खलन के कारण बंद है।

भूस्खलन और बाढ़ के कारण लगभग 1,300 सड़कें अवरुद्ध हो गईं जबकि 40 बड़े पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटक भी फंसे हुए हैं। उत्तराखंड के पर्यटकों और लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इसकी जानकारी सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी। सीएम धामी ने कहा, “प्रदेश के विभिन्न स्थानों एवं हिमाचल प्रदेश में फंसे उत्तराखण्ड के नागरिकों की सहायता हेतु हमारी सरकार ने आपदा राहत नम्बर जारी किए हैं. किसी भी मदद हेतु निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। 9411112985, 01352717380, 01352712685 इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप नंबर- 9411112780 पर भी मैसेज कर सकते हैं।”

SHARE

Must Read

Latest