Voice Of The People

बिहार विधानसभा में हंगामा, BJP विधायक संजय सिंह को मार्शल ने बाहर निकाला, बोले-बिहार में आपातकाल लागू

बिहार में भाजपा नेता विजय सिंह की मौत मामले पर सियासत तेज हो गई है। एक ओर पुलिस का दावा है कि भाजपा नेता की मौत पुलिस लाठीचार्ज से नहीं हुई। अब भाजपा के विधानसभा मार्च के बाद विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। जिसके बाद मार्शल ने भाजपा विधायक संजय सिंह को बाहर कर दिया।

भाजपा विधायक पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में नारेबाजी करने लगे। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लाठीचार्ज में भाजपा के एक नेता की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि यह मौत नहीं, बल्कि हत्या है।इस बीच जब विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने सिन्हा को बोलने का मौका नहीं दिया तो भाजपा के विधायक हंगामा और नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। अध्यक्ष भाजपा के सदस्यों को कई बार अपनी जगह पर जाने को कहते रहे, लेकिन सदस्य शांत नहीं हुए।

मार्शल आउट किए जाने के बाद विधायक सिंह ने कहा कि सदन में विपक्षी दलों के सदस्यों को अपनी बात रखने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आखिर वे विधायक क्या करें। उन्हे चोट पहुंचाने की कोशिश की गई। इससे पहले भाजपा के विधायकों ने सदन के बाहर मौन प्रदर्शन किया। विधायक मुंह पर काली पट्टी और हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लिए हुए थे। गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज और एक कार्यकर्ता की मौत के बाद शुक्रवार को भाजपा काला दिवस मना रही है। शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला दहन का कार्यक्रम है।

SHARE

Must Read

Latest