नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे दो दिवसीय G20 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन युद्ध को लेकर फिर दुनिया के लिए बड़ा संदेश दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध ने दुनिया में विश्वास की कमी को गहरा कर दिया है और भारत पूरी दुनिया से इसे एक-दूसरे पर भरोसे में तब्दील करने की अपील करता है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “21वीं सदी दुनिया को नयी दिशा देने का समय है। अब समय आ गया है, जब पुरानी चुनौतियां हमसे नये समाधान चाहती हैं और इसीलिए हमें अपनी जिम्मेदारियों को पूरी करने के वास्ते मानव-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना होगा। कोविड-19 के बाद दुनिया में विश्वास की कमी का बड़ा संकट पैदा हो गया है। युद्ध ने भरोसे की इस कमी को और गहरा कर दिया है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “भारत की जी20 अध्यक्षता देश के अंदर और बाहर, दोनों जगह समावेश का प्रतीक बन गई है। यह भारत में लोगों का जी20 बन गया है, 60 से अधिक शहरों में 200 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हम ऐसे दौर में जी रहे हैं, जब सदियों पुरानी समस्याएं जवाब मांग रही हैं, हमें मानव-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की जरूरत है। अब समय आ गया है कि वैश्विक भलाई के लिए हम सब साथ मिलकर चलें।”
