देश के नए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे। उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में राधाकृष्णन ने विपक्ष की उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को हरा दिया है। एनडीए के उपराष्ट्रपति पद उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को 452 और विपक्ष के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। इस मतदान में निर्वाचक मंडल के कुल 781 सदस्यों में से 767 (एक पोस्टल बैलट) ने मतदान किया था, जिसमें 15 वोट अवैध करार दिए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “उनका जीवन हमेशा समाज की सेवा और गरीबों व हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। वह हमारे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, “महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भारत के उपराष्ट्रपति बने हैं। मैं उन्हें बधाई देता हूं और उन्हें नामांकित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और उनका समर्थन करने वाले सभी एनडीए दलों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। मुझे विशेष रूप से खुशी है कि मुंबई का एक मतदाता भारत का उपराष्ट्रपति चुना गया है।”
