भारत की बेरोजगारी दर घटकर मात्र 2% रह गई है, जो जी-20 देशों में सबसे कम है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि पीएम-वीबीआरवाई योजना समेत अन्य पहलों से दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए। सरकार ने युवाओं के लिए 2 लाख करोड़ रुपये की पांच नई योजनाएं भी शुरू की हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि के साथ विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार सृजन हुआ है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) सहित अन्य योजनाओं ने इसमें योगदान दिया है। मांडविया ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि पीएम-वीबीआरवाई के तहत दो वर्षों के दौरान कुल 3.5 करोड़ से अधिक नौकरियों का सृजन हुआ है। इसे प्रोत्साहित करने के लिए 99,446 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इनमें से 1.92 करोड़ नौकरियां पहली बार कार्यबल में शामिल होने वालों को लाभान्वित करेंगी।
मंत्री ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में मोदी सरकार ने 4.1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और अवसरों को बढ़ावा देने के लिए कुल दो लाख करोड़ रुपये के बजट वाली पांच प्रमुख योजनाओं के पैकेज की घोषणा की थी। वहीं, एनसीएस प्लेटफॉर्म डिजिटल रोजगार सुविधा के लिए प्रमुख मंच के रूप में उभरा है।
