प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। इस तरह से पीएम मोदी को अब 33 देश अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं। स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान, ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) प्रदान किया है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिन ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया।
ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) स्लोवाकिया गणराज्य द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च राजकीय सम्मान है और इसे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति द्वारा मित्र देशों के विकास में असाधारण योगदान के लिए विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।
सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने X पर लिखा, “आज शाम ब्रातिस्लावा में द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (1st क्लास) पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया के लोगों और सरकार का मैं शुक्रगुजार हूं, जो भारत के 140 करोड़ लोगों का है। मैं यह अवॉर्ड भारत और स्लोवाकिया के बीच पक्की दोस्ती को समर्पित करता हूँ।”
